बद्रीनाथ : भगवान श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट गुरुवार सुबह 6 बजकर 15 मिनट पर विधिविधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए।
कपाट खुलते ही पूरा धाम भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंग गया। इस पावन अवसर पर देश-विदेश से पहुंचे करीब 15 हजार श्रद्धालुओं ने भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से पहली महाभिषेक पूजा संपन्न कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में अन्य मंदिरों में भी पूजा-अर्चना की और श्रद्धालुओं से संवाद कर यात्रा व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।
साथ ही उन्होंने श्रद्धालुओं से स्वच्छ और हरित यात्रा में सहयोग करने की अपील करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कपाट खुलने के इस अवसर पर माणा और बामणी गांव की महिलाओं ने पारंपरिक झुमैलो नृत्य प्रस्तुत किया, जिससे पूरा वातावरण लोक संस्कृति और आस्था से सराबोर हो गया।
इस दौरान धाम में भंडारे का भी शुभारंभ किया गया, जहां श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। प्रशासन और मंदिर समिति की व्यवस्थाओं के बीच इस बार की यात्रा को दिव्य और यादगार बनाने पर विशेष जोर दिया गया है।

