देहरादून। उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच लंबे समय से चले आ रहे परिसंपत्ति बंटवारे के विवाद को खत्म करने की दिशा में एक और पहल हुई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस बैठक में उत्तराखंड के सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज भी मौजूद रहे। दोनों राज्यों के बीच सिंचाई विभाग समेत अन्य लंबित परिसंपत्ति मामलों को लेकर विस्तार से बातचीत हुई। बैठक में विवादित मामलों का जल्द निस्तारण करने पर सहमति बनी।
20 हजार करोड़ रुपये से अधिक के विवादों का हो चुका है समाधान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच आपसी सहयोग और बेहतर समन्वय के चलते अब तक 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की परिसंपत्तियों से जुड़े विवादों का समाधान किया जा चुका है। शेष मामलों को भी निपटाने की प्रक्रिया जारी है।सीएम धामी के अनुसार, बैठक में बाकी लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द सुलझाने पर सहमति बनी है। उन्होंने इस दिशा में सहयोग के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया। साथ ही कहा कि योगी आदित्यनाथ उत्तराखंड के हितों से जुड़े विषयों पर लगातार सकारात्मक रुख अपना रहे हैं।
![]()
26 साल बाद भी पूरी तरह नहीं सुलझा परिसंपत्ति बंटवारे का मामला
गौरतलब है कि 9 नवंबर 2000 को उत्तर प्रदेश से अलग होकर उत्तराखंड राज्य का गठन हुआ था। राज्य गठन के बाद से ही दोनों राज्यों के बीच परिसंपत्तियों के बंटवारे को लेकर कई मामले लंबित हैं।इनमें जल विद्युत परियोजनाएं, बांध, बैराज, शैक्षणिक संस्थान और विभिन्न विभागों से जुड़ी परिसंपत्तियां शामिल हैं। इसके अलावा दोनों राज्यों के बीच कई वित्तीय देनदारियों का मामला भी पूरी तरह नहीं सुलझ पाया है।
परिसंपत्तियों के बंटवारे से उत्तराखंड को मिल सकता है आर्थिक लाभ
लंबे समय से लंबित परिसंपत्ति विवादों का समाधान उत्तराखंड के लिए आर्थिक और प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यदि बाकी मामलों का भी निस्तारण होता है, तो राज्य को अपनी परिसंपत्तियों और उनसे जुड़े संसाधनों का बेहतर लाभ मिल सकता है।इससे पहले भी दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों के बीच कई दौर की बैठकें हो चुकी हैं। इन बैठकों के बाद कुछ मामलों में सहमति बनी और विवादों का समाधान भी हुआ, लेकिन कई महत्वपूर्ण मुद्दे अब भी लंबित हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और योगी आदित्यनाथ के बीच हुई ताजा मुलाकात को बाकी विवादों के समाधान की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
