पिथौरागढ़ : पिथौरागढ़ से बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है…अब जिले के लोगों को पासपोर्ट बनवाने के लिए अल्मोड़ा और देहरादून के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
कलक्ट्रेट परिसर में पासपोर्ट कार्यालय का भवन तैयार हो चुका है और जल्द ही इसका संचालन शुरू किया जाएगा। लंबे समय से सीमांत जिले में पासपोर्ट कार्यालय खोलने की मांग की जा रही थी।
अब तक स्थानीय लोगों को पासपोर्ट बनवाने के लिए दूसरे जिलों का रुख करना पड़ता था..जिससे समय और पैसे दोनों की परेशानी होती थी।
जिलाधिकारी आशीष भटगाईं ने नए बने कार्यालय का निरीक्षण किया और बताया कि पासपोर्ट सेवाओं के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त कार्यालय तैयार कर लिया गया है। साथ ही सभी जरूरी औपचारिकताएं भी पूरी कर ली गई हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि तय समय के भीतर सभी व्यवस्थाएं पूरी कर जल्द से जल्द इस सेवा को शुरू किया जाए।

इस पहल से जिले के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
