हल्द्वानी : उत्तराखंड के हल्द्वानी से जमीन खरीद-फरोख्त में धोखाधड़ी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इस बार ठगों ने आम लोगों को नहीं…बल्कि सत्ताधारी दल के विधायक के बेटे को ही अपना शिकार बना लिया।
मामला कालाढूंगी क्षेत्र से जुड़ा है, जहां विधायक Banshidhar Bhagat के बेटे विकास भगत को पांच सगे भाइयों ने सरकारी जमीन बेच दी। शिकायत के बाद पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि यह मामला करीब 14 साल पुराना है। विकास भगत ने वर्ष 2012 में करीब 6691 वर्ग फुट जमीन ग्राम नंदपुर कठघरिया के पांच भाइयों से खरीदी थी। उस समय जमीन को वैध मानकर सौदा किया गया था।
लेकिन साल 2019 में जब विकास भगत ने इस जमीन को आगे बेचने की कोशिश की, तब बड़ा खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि खरीदी गई जमीन में सड़क और सिंचाई विभाग की गूल (नहर) की सरकारी भूमि भी शामिल थी।
प्रशासन ने वर्ष 2020 में जांच कराई, जिसमें पुष्टि हुई कि आरोपियों ने गूल को क्षतिग्रस्त कर उसे अपनी निजी जमीन में मिला लिया था और फिर उसे बेच दिया। इसके बाद विवादित जमीन को प्रशासन और सिंचाई विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने बाद में दूसरी जगह जमीन देने का आश्वासन दिया था, लेकिन कई साल बीतने के बावजूद यह वादा पूरा नहीं किया गया।
अब पुलिस ने जांच के बाद पांचों भाइयों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ सिटी अमित कुमार के अनुसार मामले की विवेचना जारी है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह मामला एक बार फिर प्रदेश में जमीन खरीद-फरोख्त में हो रही धांधली और फर्जीवाड़े पर सवाल खड़े कर रहा है।
