देहरादून: गोरखा दशैं-दीपावली महोत्सव का भव्य समापन
देहरादून में तीन दिवसीय गोरखा दशैं-दीपावली महोत्सव का भव्य समापन हुआ। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भारत-नेपाल के रोटी-बेटी के रिश्ते और गोरखा समाज के योगदान की सराहना की।
देहरादून के गढ़ी कैंट स्थित महिंद्रा ग्राउंड में आयोजित तीन दिवसीय गोरखा दशैं-दीपावली महोत्सव एवं राजकीय मेले का रविवार को भव्य समापन हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीप प्रज्वलित कर समापन समारोह का शुभारंभ किया। इस दौरान गोरखाली और नेपाली संस्कृति से जुड़ी रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराना रोटी-बेटी का अटूट रिश्ता है। गोरखा समाज ने देश की रक्षा और सम्मान के लिए हमेशा महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके बलिदान और देशभक्ति पर पूरे देश को गर्व है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है, जिसने समान नागरिक संहिता (UCC) लागू की है। इसके माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा और समान अधिकारों को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। साथ ही नेपाल के मौजूदा हालात पर कहा कि भारत सरकार हर परिस्थिति में नेपाल के साथ खड़ी है और हरसंभव सहयोग के लिए तैयार है।
समारोह में गोरखा समाज की सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली। गणेश वंदना के साथ नेपाली समूह नृत्य, गुजराती, पंजाबी, नेवारी, कुकुरी और मयूर नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां दी गईं। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर मेहमान और दर्शक झूमते नजर आए।
वीर गोरखा कल्याण समिति के अध्यक्ष कमल थापा ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि महोत्सव का उद्देश्य गोरखा समाज की परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना तथा विभिन्न समुदायों के बीच आपसी सद्भाव को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, प्रदीप बत्रा, नेपाल दूतावास के कार्यवाहक राजदूत डॉ. सुरेंद्र थापा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
