ऋषिकेश : उत्तराखंड में आस्था के महापर्व चारधाम यात्रा-2026 का विधिवत शुभारम्भ हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामीने ऋषिकेश से चारधाम जाने वाली बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और यात्रा की शुरुआत की।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के लिए लगाए गए निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का भी निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने देशभर से आए यात्रियों का देवभूमि में स्वागत करते हुए कहा कि चारधाम यात्रा आस्था, साधना और आत्मिक शांति का अद्भुत संगम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि यात्रा को सुगम, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और दिव्य बनाया जाए। उन्होंने बताया कि यात्रा की तैयारियों की लगातार उच्च स्तर पर समीक्षा की जा रही है…ताकि हर श्रद्धालु को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि यात्रा के दौरान धार्मिक स्थलों और मार्गों पर स्वच्छता बनाए रखें। मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि की पवित्रता को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। इस वर्ष “ग्रीन चारधाम यात्रा” और “प्लास्टिक मुक्त केदारनाथ” का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यात्रा को आसान बनाने के लिए किए जा रहे कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि ऑल वेदर रोड परियोजना, दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर और विभिन्न धामों में पुनर्निर्माण कार्यों से यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुगम हो गई है।
उन्होंने यह भी कहा कि चारधाम यात्रा प्रदेश की अर्थव्यवस्था और स्थानीय रोजगार का महत्वपूर्ण आधार है इसलिए यात्रियों से स्थानीय उत्पादों को खरीदकर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का आह्वान किया गया।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी देते हुए बताया कि यात्रा मार्गों पर पर्याप्त मेडिकल व्यवस्था की गई है। वहीं कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने बताया कि यातायात प्रबंधन के लिए शटल सेवा और हेल्पलाइन जैसी सुविधाएं भी शुरू की जा रही हैं।

चारधाम यात्रा की शुरुआत के साथ ही उत्तराखंड में श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का माहौल एक बार फिर देखने को मिल रहा है।
