बैणी-भुली योजना पर सियासी घमासान
उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले घोषित ‘बैणी-भुली’ (बैणी भुली) योजना को लेकर राज्य की राजनीति में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बयानबाजी तेज हो गई है।
देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की आहट के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से घोषित बैणी-भुली योजना को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। योजना के तहत राज्य की पांच लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की घोषणा के बाद कांग्रेस ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने इसे चुनाव से ठीक पहले महिलाओं को लुभाने की कोशिश करार देते हुए धामी सरकार पर तीखा हमला बोला है। वहीं, भाजपा सरकार इस योजना को ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बता रही है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल का कहना है कि सरकारें जनता के विकास और कल्याण के लिए पांच साल यानी 60 महीने के लिए चुनी जाती हैं, लेकिन धामी सरकार को प्रदेश की मातृशक्ति की याद अपने कार्यकाल के अंतिम महीनों में आई है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर पिछले पांच वर्षों में महिलाओं की आर्थिक और सामाजिक स्थिति सुधारने के लिए सरकार ने क्या ठोस कदम उठाए? यदि सरकार वास्तव में महिलाओं के सशक्तीकरण को लेकर गंभीर थी तो इस तरह की योजना पहले क्यों नहीं शुरू की गई?
गोदियाल ने योजना के तहत पांच लाख से अधिक महिलाओं को लाभ देने के सरकार के दावे पर भी सवाल खड़े किए। उनका कहना है कि उत्तराखंड में लाखों महिलाएं ऐसी हैं, जिन्हें आर्थिक सहायता और रोजगार के अवसरों की जरूरत है। ऐसे में केवल सीमित संख्या में महिलाओं को योजना से जोड़ना पर्याप्त नहीं है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को चुनाव के समय एक या दो किस्तों में आर्थिक सहायता देने के बजाय नियमित रूप से आर्थिक सहयोग और आत्मनिर्भर बनने के अवसर उपलब्ध कराए जाने चाहिए।
कांग्रेस अध्यक्ष ने योजना की किस्तों के समय को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पहली किस्त चुनाव से पहले और दूसरी किस्त चुनाव के बाद देने की बात सामने आ रही है। ऐसे में सरकार की मंशा पर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने भाजपा से पूछा कि क्या यह सहायता महिलाओं का अधिकार है या चुनावी मौसम में दिया जा रहा ऐसा प्रलोभन, जिसके बदले उनसे वोट की अपेक्षा की जा रही है?
गोदियाल ने राज्य में बेरोजगारी, पलायन, शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों को भी उठाया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की महिलाओं को केवल आर्थिक सहायता ही नहीं, बल्कि सुरक्षित वातावरण, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, शिक्षा, रोजगार और सम्मानजनक जीवन के अवसर चाहिए। पहाड़ी क्षेत्रों में जंगली जानवरों के हमले, महिलाओं की सुरक्षा और ग्रामीण आजीविका से जुड़े सवालों पर भी सरकार को ठोस काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण का अर्थ केवल बैंक खातों में पैसा भेजना नहीं, बल्कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।
भाजपा सरकार का क्या है पक्ष ?
दूसरी ओर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 17 नवंबर को चमोली जिले के पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन के दौरान बैणी-भुली योजना की घोषणा की थी। सरकार के मुताबिक, इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
ग्राम्य विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी ने 23 नवंबर को प्रेस वार्ता में योजना से जुड़ी जानकारी साझा करते हुए बताया कि इसके तहत प्रदेश की लगभग 5 लाख 23 हजार महिलाओं को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। योजना का लाभ मुख्य रूप से स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी पात्र महिलाओं को मिलेगा।
सरकार के अनुसार, प्रत्येक पात्र महिला को कुल 20 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दो किस्तों में दी जाएगी। पहली किस्त के रूप में 10 हजार रुपये दिसंबर 2026 में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजे जाने की तैयारी है। पहली किस्त के लिए लगभग 523 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। दूसरी किस्त का भुगतान आगामी सरकार के कार्यकाल में किया जाना प्रस्तावित है।
सरकार का तर्क है कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं स्थानीय उत्पादों के निर्माण, स्वरोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। बैणी-भुली योजना से उन्हें आर्थिक सहायता मिलेगी और उनके आजीविका संबंधी प्रयासों को मजबूती मिलेगी। इसके अलावा सरकार लखपति दीदी योजना, स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग और महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने जैसे कार्यक्रम भी चला रही है। ग्राम्य विकास मंत्री ने शहरी महिलाओं के लिए भी भविष्य में योजना लाने की बात कही है।
महिला सशक्तीकरण या चुनावी रणनीति, बहस तेज
बैणी-भुली योजना को लेकर अब प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बहस तेज होती दिखाई दे रही है। एक तरफ कांग्रेस सरकार के कार्यकाल और योजना की घोषणा के समय पर सवाल उठा रही है, तो दूसरी तरफ भाजपा सरकार इसे महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की पहल बता रही है।
इस पूरे मामले में सबसे अहम सवाल यह है कि योजना का लाभ कितनी पात्र महिलाओं तक पहुंचता है और इससे ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक स्थिति में कितना बदलाव आता है। आने वाले दिनों में योजना के क्रियान्वयन और राजनीतिक दलों की प्रतिक्रियाओं पर प्रदेश की नजर रहेगी।
फिलहाल बैणी-भुली योजना उत्तराखंड की राजनीति में महिला मतदाताओं और महिला सशक्तीकरण को लेकर एक बड़ा चुनावी मुद्दा बनती नजर आ रही है।
