हरक सिंह रावत की पत्नी दीप्ति रावत का बड़ा बयान
दीप्ति रावत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने एक जमीनी विवाद में महिला को पूर्व मंत्री डॉ.हरक सिंह रावत की पत्नी बताने पर न्यायालय जाने की चेतावनी दी है।
देहरादून: उत्तराखंड की राजनीति में पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत से जुड़ा एक मामला इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। जमीन विवाद के बीच एक महिला द्वारा खुद को हरक सिंह रावत की पत्नी बताए जाने के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। अब इस पूरे प्रकरण पर हरक सिंह रावत की पत्नी दीप्ति रावत ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर फैल रही कथित भ्रामक जानकारियों को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए न्यायालय का दरवाजा खटखटाने की चेतावनी दी है।
दरअसल, सोशल मीडिया पर एक जमीन विवाद से जुड़ा मामला सामने आया है। इसमें एक व्यक्ति की ओर से आरोप लगाया जा रहा है कि डॉ. हरक सिंह रावत की पत्नी ने उसकी जमीन पर कब्जा किया है। इसी विवाद के दौरान एक महिला को हरक सिंह रावत की पत्नी बताकर भी चर्चा की जा रही है। इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की जानकारियां और दावे प्रसारित हो रहे हैं।
इस पूरे मामले पर दीप्ति रावत ने एक वीडियो जारी कर अपनी बात रखी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सोशल मीडिया पर जिस तरह से एक महिला को डॉ. हरक सिंह रावत की पत्नी बताया जा रहा है, उससे उन्हें और उनके परिवार को मानसिक पीड़ा पहुंच रही है। दीप्ति रावत के मुताबिक, इस तरह की भ्रामक जानकारी से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा और परिवार के सम्मान पर असर पड़ रहा है।
दीप्ति रावत ने जमीन कब्जाने के आरोपों को भी खारिज किया है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि जमीन विवाद में उन पर आरोप नहीं है, तो फिर एक दूसरी महिला को डॉ. हरक सिंह रावत की पत्नी बताकर क्यों प्रचारित किया जा रहा है? उन्होंने कहा कि यदि कोई महिला इस तरह का दावा कर रही है, तो उसे अपने दावे के समर्थन में पूरे तथ्य सामने रखने चाहिए।
उन्होंने अपने बयान में साफ किया कि उन्होंने किसी की जमीन पर कब्जा नहीं किया है। साथ ही सोशल मीडिया पर बिना तथ्यों के किसी का नाम जोड़कर जानकारी फैलाना उचित नहीं है। दीप्ति रावत ने कहा कि इस तरह के प्रचार से उनके परिवार को मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दीप्ति रावत ने चेतावनी दी है कि यदि उनके और उनके परिवार के सम्मान को नुकसान पहुंचाने वाले इस तरह के आरोप और प्रचार जारी रहे, तो वह न्यायालय की शरण लेंगी। उन्होंने कहा कि अपने सम्मान की रक्षा के लिए वह कानूनी कदम उठाने से पीछे नहीं हटेंगी।
फिलहाल, यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में है। जमीन विवाद से जुड़े आरोपों और महिला के दावे को लेकर संबंधित पक्षों की ओर से सामने आने वाले तथ्यों पर सबकी नजर रहेगी। हालांकि, इस पूरे विवाद में लगाए गए आरोपों और दावों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।
