बागेश्वर : मेहनत, लगन और मजबूत इरादों की मिसाल पेश करते हुए बागेश्वर की बेटी गीतिका पंत ने इंटरमीडिएट परीक्षा में 98 प्रतिशत अंक हासिल कर पूरे उत्तराखंड में टॉप किया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी की लहर है।
सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज, चौरासी की छात्रा गीतिका पंत ने न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे बागेश्वर का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता संघर्ष और समर्पण की प्रेरणादायक कहानी भी बयां करती है।
गीतिका के पिता चंद्रशेखर पंत टैक्सी चालक हैं…जो कड़ी मेहनत कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं…जबकि उनकी मां गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने हमेशा गीतिका की पढ़ाई को प्राथमिकता दी।
गीतिका पहले भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं। उन्होंने हाईस्कूल में 97.6 प्रतिशत अंक हासिल कर जिला टॉप किया था। दादा-दादी और शिक्षकों का मार्गदर्शन उनकी सफलता में अहम रहा।
परिणाम घोषित होते ही गीतिका के घर बधाई देने वालों का तांता लग गया। माता-पिता की आंखों में खुशी के आंसू और चेहरे पर गर्व साफ दिखाई दिया।
गीतिका का सपना आगे चलकर इंजीनियर बनना है। उनका कहना है कि मेहनत, अनुशासन और परिवार के सहयोग से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
गीतिका पंत की यह सफलता न सिर्फ एक उपलब्धि है…बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणा का संदेश भी है।

