रामनगर: उत्तराखंड बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा में रामनगर के छात्र अक्षत गोपाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस सफलता से परिवार, स्कूल और पूरे इलाके में खुशी का माहौल है। अक्षत ने 98.2 प्रतिशत अंक हासिल कर पूरे प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है।
एमपी हिंदू इंटर कॉलेज के छात्र अक्षत गोपाल का स्वभाव शांत और सरल है। जब उन्हें स्कूल ग्रुप के जरिए टॉपर बनने की जानकारी मिली…तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
अक्षत की इस उपलब्धि पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री Dhan Singh Rawat ने भी फोन कर उन्हें बधाई दी। बेटे की सफलता की खबर मिलते ही माता-पिता भी भावुक हो गए।
अक्षत ने बताया कि वह रोजाना दो से तीन घंटे पढ़ाई करते थे और परीक्षा के दौरान यह समय बढ़ाकर चार से पांच घंटे कर दिया था। उन्हें अच्छे नंबरों की उम्मीद थी…लेकिन टॉप करेंगे यह नहीं सोचा था।
अक्षत के पिता गोपाल एक निजी स्कूल में पढ़ाकर परिवार का खर्च चलाते हैं…जबकि मां गृहिणी हैं। बिना किसी ट्यूशन के अक्षत ने घर पर ही शेड्यूल बनाकर पढ़ाई की और यह मुकाम हासिल किया।
आगे की पढ़ाई को लेकर अक्षत ने बताया कि वह इंटर में विज्ञान (PCM) विषय लेंगे और इसके बाद बीटेक करने का लक्ष्य है।
अक्षत की सफलता पर रिश्तेदारों और आसपास के लोगों ने घर पहुंचकर उन्हें बधाई दी और मिठाई खिलाकर उनका हौसला बढ़ाया।

