नैनीताल : उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में नैनीताल के छात्र सुमित फर्त्याल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंटरमीडिएट की टॉपर सूची में 25वां स्थान हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि पूरे शहर में खुशी का माहौल है।
भारतीय शहीद सैनिक स्कूल के छात्र सुमित फर्त्याल नैनीताल और आसपास के इंटर कॉलेजों में इकलौते ऐसे छात्र हैं…जिन्होंने टॉपर सूची में जगह बनाई है। इससे उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में नैनीताल का मान बढ़ाया है।
सुमित के पिता चंदन फर्त्याल मल्लीताल बाजार में एक रेस्टोरेंट में कुक का काम करते हैं…जबकि उनकी मां कमला फर्त्याल डाक विभाग में आरडी एजेंट हैं। साधारण परिवार से आने वाले सुमित ने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है।
सुमित ने बताया कि उन्होंने रोजाना करीब तीन घंटे पढ़ाई की और शुरुआत से ही उन्हें भरोसा था कि वह टॉपर सूची में जगह बना सकते हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को दिया है।
आगे के लक्ष्य को लेकर सुमित ने कहा कि वह मर्चेंट नेवी में जाना चाहते हैं और इसके लिए तैयारी भी शुरू कर चुके हैं।
सुमित की इस सफलता पर विद्यालय में सम्मान समारोह भी आयोजित किया जा रहा है…जहां उन्हें सम्मानित किया जाएगा।

