देहरादून के क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक महिला की गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस के मुताबिक मृतका की पहचान 26 वर्षीय काजल के रूप में हुई है। महिला का शव एक प्लॉट के अंदर बने कमरे से बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार सुबह करीब छह बजे कंट्रोल रूम में धीरज पंवार नाम के व्यक्ति ने फोन कर बताया कि उसने अपनी पत्नी को गोली मार दी है। सूचना मिलते ही पुलिस ने कॉल करने वाले से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला। इसके बाद पुलिस टीम ने फोन की लोकेशन और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर आसपास तलाश शुरू की।
पुलिस एक प्लॉट के अंदर बने कमरे तक पहुंची, जहां काजल मृत अवस्था में मिली। शुरुआती जानकारी के मुताबिक महिला की मौत गोली लगने से हुई है। सूचना के बाद फील्ड यूनिट को भी मौके पर बुलाया गया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए।
पुलिस के मुताबिक काजल अपने पति धीरज के साथ ईदगाह रोड और सुभाष नगर क्षेत्र में रह रही थी। मृतका के भाई अभिषेक का घर भी उनके घर के पास बताया गया है। भाई ने पुलिस को बताया कि काजल और उसके पति के बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के बीच सोमवार सुबह हत्या की घटना सामने आई।
घटना के बाद आरोपी पति धीरज पंवार फरार है। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर पति के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं।
पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की पूरी वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के बाद घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाने की बात कह रही है। शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

