नितिन नवीन
देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के हालिया उत्तराखंड दौरे के बाद पार्टी संगठन में बड़े बदलावों की चर्चा तेज हो गई है। माना जा रहा है कि उनकी नई राष्ट्रीय टीम में उत्तराखंड के कई नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिल सकती हैं। सूत्रों के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व सांसद और संगठन में लंबे समय से सक्रिय कुछ नेताओं के नामों पर विचार किया जा रहा है।
नितिन नवीन ने हाल ही में तीन दिन का उत्तराखंड दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने संगठन और सरकार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया तथा पार्टी पदाधिकारियों के साथ कई बैठकें कीं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इसी दौरे के दौरान उन्होंने अपनी नई टीम के लिए संभावित चेहरों को भी चिन्हित किया है।
इसी बीच दौरे के बाद संगठन में पहला बड़ा बदलाव भी देखने को मिला है। उत्तराखंड भाजपा के संगठन महामंत्री अजय कुमार को राजस्थान का प्रदेश महामंत्री संगठन नियुक्त किया गया है। भाजपा नेतृत्व की ओर से जारी आदेश में कहा गया कि यह नियुक्ति राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर की गई है और तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
अजय कुमार वर्ष 2019 से उत्तराखंड भाजपा में संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनके कार्यकाल में भाजपा ने विधानसभा, लोकसभा, निकाय और पंचायत चुनावों में बेहतर प्रदर्शन किया। ऐसे में विधानसभा चुनाव से पहले उनका राजस्थान भेजा जाना राजनीतिक चर्चाओं का विषय बना हुआ है।
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने कहा कि अजय कुमार ने संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पार्टी ने उन्हें संगठनात्मक अनुभव को देखते हुए नई जिम्मेदारी सौंपी है। अब सबकी नजर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम पर टिकी है। आने वाले दिनों में उत्तराखंड से किन नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी मिलती है, इसको लेकर राजनीतिक हलकों में उत्सुकता बनी हुई है।

