रुद्रपुर: उधम सिंह नगर के रुद्रपुर ट्रांजिट कैंप क्षेत्र से एक 15 वर्षीय किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है…जिससे इलाके में चिंता का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक जगतपुरा आवास विकास निवासी जगतार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी 23 अप्रैल को घर से किसी जरूरी काम का कहकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी।
शुरुआत में परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क कर तलाश की…लेकिन जब देर रात तक कोई जानकारी नहीं मिली तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर लिया है और किशोरी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चला रही है।
साथ ही सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि लड़की की आखिरी लोकेशन का पता लगाया जा सके। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को किशोरी के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
