हरिद्वार: राजाजी टाइगर रिजर्व के संवेदनशील क्षेत्र में शादी समारोह की तैयारियों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मामला उस समय तूल पकड़ गया जब सुरेश्वरी देवी मंदिर परिसर में बड़े स्तर पर शादी की तैयारियां शुरू कर दी गईं।
जानकारी के अनुसार उत्तराखंड सरकार के एक कैबिनेट मंत्री के बेटे की शादी को लेकर मंदिर परिसर में टेंट, कुर्सियां और अन्य सामान ट्रकों के जरिए पहुंचाया गया। आरक्षित वन क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियों से पर्यावरण प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए।
दरअसल यह क्षेत्र वन्यजीवों के लिए संवेदनशील माना जाता है…जहां हाथी और गुलदार जैसे जानवरों की मौजूदगी रहती है। ऐसे में बड़े आयोजन की अनुमति को लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चा तेज हो गई।
मामला सामने आते ही राजाजी टाइगर रिजर्व प्रशासन हरकत में आया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर शादी की तैयारियों को रुकवाया और लगाए गए पंडाल व अन्य सामग्री को हटवा दिया। साथ ही मंदिर समिति के खिलाफ वन नियमों के तहत मुकदमा भी दर्ज किया गया है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि रिजर्व क्षेत्र में किसी भी प्रकार के बड़े आयोजन की अनुमति नहीं है। फिलहाल अब केवल पूजा-अर्चना और सीमित स्तर पर विवाह की रस्में ही संपन्न कराई जाएंगी।
प्रशासन इस बात की भी जांच कर रहा है कि बिना अनुमति के इतना सामान संवेदनशील क्षेत्र तक कैसे पहुंचा।

