हल्द्वानी/भीमताल : भीमताल-हल्द्वानी मार्ग पर रानीबाग के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार रुद्रपुर डिपो की रोडवेज बस ने बच्ची को टक्कर मार दी और उसे करीब 20 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। हादसे में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय बच्ची कनक अपने साथ दो अन्य बच्चों के साथ थी, जो किसी तरह इस दुर्घटना में बच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस चालक तेज और लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिससे यह हादसा हुआ।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने बस पर पथराव कर दिया और उसके शीशे तोड़ दिए। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।
हादसे के कारण मार्ग पर लंबा जाम लग गया। तिकोनिया से लेकर भीमताल तिराहा, ज्योलीकोट और सलड़ी तक कई किलोमीटर तक यातायात प्रभावित रहा।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को काबू में किया और यातायात बहाल कराने की कोशिश शुरू की। साथ ही पूरे मामले की जांच की जा रही है।

यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और लापरवाही से वाहन चलाने के गंभीर परिणामों की ओर इशारा करता है।
