चारधाम यात्रा
रुद्रप्रयाग : चारधाम यात्रा को लेकर बाबा केदार के धाम में तैयारियां तेज हो गई हैं। केदारपुरी इन दिनों फूलों से सजाई जा रही है और पूरे क्षेत्र में भक्ति व उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।
बाबा केदार की पंचमुखी उत्सव डोली अपने निर्धारित पड़ावों से होते हुए धाम की ओर अग्रसर है। रविवार को फाटा में रात्रि विश्राम के बाद आज डोली गौरीकुंड पहुंचेगी, जहां श्रद्धालुओं द्वारा भव्य स्वागत की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
रास्ते भर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और “जय बाबा केदार” के जयकारों से पूरा मार्ग गूंज रहा है।
जानकारी के अनुसार 21 अप्रैल को उत्सव डोली केदारनाथ धाम पहुंचेगी। इसके बाद 22 अप्रैल को सुबह तय मुहूर्त के अनुसार बाबा केदारनाथ मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।
केदारपुरी में होटल, धर्मशालाएं और अन्य व्यवस्थाएं भी तेजी से तैयार की जा रही हैं, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासन और मंदिर समिति की ओर से यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

चारधाम यात्रा के इस महत्वपूर्ण पड़ाव से पहले केदारनाथ धाम पूरी तरह भक्ति और आस्था के रंग में रंगता नजर आ रहा है, जहां हर कोई बाबा के दर्शन के लिए उत्साहित है।
