देहरादून/हल्द्वानी : भीमताल-हल्द्वानी मार्ग पर रानीबाग के पास सोमवार को हुआ दर्दनाक हादसा हर किसी को झकझोर गया। पांच साल की मासूम कनक की मौत के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। घटना के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और वह बार-बार यही सवाल करती रही—“मेरी बच्ची का क्या कसूर था?” यह मंजर देख वहां मौजूद लोग भी खुद को संभाल नहीं पाए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पार करते समय रुद्रपुर डिपो की रोडवेज बस (यूके 06 पी ए 1726) ने बच्ची को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मासूम बस के आगे फंस गई, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका। बस करीब 20 मीटर तक बच्ची को घसीटती रही। जब तक लोगों ने शोर मचाकर बस रुकवाई, तब तक बहुत देर हो चुकी थी और बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि कनक के साथ दो अन्य बच्चे भी थे, जो किसी तरह इस हादसे से बच गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। मां बेसुध होकर सड़क पर गिर पड़ी, जबकि परिजन और स्थानीय लोग उन्हें संभालने की कोशिश करते रहे।
घटना से गुस्साए लोगों का आक्रोश भी फूट पड़ा। भीड़ ने रोडवेज बस पर पथराव कर दिया और उसके शीशे तोड़ दिए। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया।
हादसे के चलते तिकोनिया से लेकर भीमताल तिराहा, ज्योलीकोट और सलड़ी तक लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने में जुट गई। काफी मशक्कत के बाद भीड़ को शांत कराया गया और धीरे-धीरे यातायात बहाल किया गया।

यह हादसा एक बार फिर लापरवाह ड्राइविंग के गंभीर परिणामों को सामने लाता है…जिसने एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं।
