देहरादून के तिब्बती मार्केट क्षेत्र में ट्रैफिक ड्यूटी के दौरान हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। वायरल वीडियो में एक ट्रैफिक दारोगा को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करते हुए देखा जा सकता है। भीड़ का आरोप है कि सड़क किनारे फल बेच रहे एक बुजुर्ग रेहड़ी संचालक को रेहड़ी हटाने के दौरान दारोगा ने थप्पड़ मार दिया, जिसके बाद मौके पर लोगों ने विरोध शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार शाम करीब छह बजे की है। तिब्बती मार्केट के पास सड़क किनारे एक बुजुर्ग फल विक्रेता रेहड़ी लगाकर फल बेच रहा था। इसी दौरान ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रहे उपनिरीक्षक योगेंद्र वहां पहुंचे और रेहड़ी हटाने को लेकर विवाद शुरू हो गया। घटना के दौरान मौजूद एक युवक ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया।
वायरल वीडियो में युवक पुलिसकर्मी से कहता सुनाई देता है कि यदि रेहड़ी अवैध रूप से लगी है तो नियमानुसार चालान किया जाए, लेकिन मारपीट नहीं होनी चाहिए। इसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस होती है। युवक खुद को हाईकोर्ट का वकील बताते हुए पुलिसकर्मी के खिलाफ अदालत जाने की बात भी करता है। वीडियो में कुछ लोग दारोगा पर जबरन वसूली और बुजुर्ग के साथ मारपीट के आरोप लगाते हुए दिखाई देते हैं। हालांकि, वायरल वीडियो में कथित थप्पड़ मारने या मारपीट का स्पष्ट दृश्य दिखाई नहीं देता और आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है।
मामले का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने कहा कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, सीओ ट्रैफिक जगदीश पंत ने बताया कि तिब्बती मार्केट के आसपास का क्षेत्र नगर निगम द्वारा ‘नो वेंडिंग जोन’ घोषित है, जहां रेहड़ी और ठेली लगाना प्रतिबंधित है। पुलिस समय-समय पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाती है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

