उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। प्रदेश के सबसे व्यस्त पर्यटन मार्गों में शामिल देहरादून-मसूरी रोड पर सड़क का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के बाद प्रशासन ने एहतियातन पूरे मार्ग को अगले आदेश तक बंद कर दिया है। सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।
मसूरी प्रशासन के अनुसार लगातार हो रही अतिवृष्टि के कारण सड़क के एक मोड़ पर गंभीर क्षति हुई है। सड़क के और धंसने तथा भूस्खलन की आशंका को देखते हुए यह फैसला लिया गया है ताकि किसी भी बड़े हादसे से बचा जा सके। प्रशासन का कहना है कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
देहरादून-मसूरी मार्ग बंद होने से पर्यटकों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। प्रशासन ने सभी लोगों से अपील की है कि फिलहाल इस मार्ग पर यात्रा न करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। साथ ही मौके पर तैनात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें।
लोक निर्माण विभाग और संबंधित एजेंसियों को क्षतिग्रस्त सड़क का निरीक्षण कर जल्द से जल्द मरम्मत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। तकनीकी जांच पूरी होने और सड़क को सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही मार्ग को दोबारा यातायात के लिए खोला जाएगा।
मौसम विभाग की भारी बारिश की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर है। भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, नदी-नालों और संवेदनशील मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। लोगों से अपील की गई है कि अनावश्यक यात्रा से बचें, मौसम विभाग और प्रशासन की आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें।

