जसपाल राणा
भारतीय निशानेबाजी जगत के दिग्गज खिलाड़ी और हाई-परफॉर्मेंस कोच जसपाल राणा के निधन के बाद उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हाल ही में जसपाल राणा की मां श्यामा देवी राणा के निधन की अफवाह सोशल मीडिया पर फैल गई थी, लेकिन परिजनों ने इसे पूरी तरह गलत बताया है। फिलहाल श्यामा देवी दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती हैं और उनका उपचार जारी है।
रिश्तेदारों के मुताबिक उनकी तबीयत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है, हालांकि बेटे के निधन के बाद वह गहरे सदमे में हैं। बताया जा रहा है कि जसपाल राणा के निधन के बाद उनकी स्वास्थ्य स्थिति और बिगड़ गई थी, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
गौरतलब है कि 12 जून को भारतीय निशानेबाजी के स्वर्णिम अध्याय लिखने वाले जसपाल राणा का निधन हो गया था। उत्तराखंड के टिहरी जिले के चिलामू गांव निवासी जसपाल राणा भारत के पिस्टल निशानेबाजों के लिए हाई-परफॉर्मेंस कोच के रूप में कार्यरत थे। म्यूनिख में आयोजित आईएसएसएफ विश्व कप से लौटते समय उन्हें सीने में दर्द की शिकायत हुई थी, जिसके बाद दिल्ली के अस्पताल में उनकी स्टेंट सर्जरी भी हुई। शुरुआती उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा था, लेकिन अचानक उनके निधन की खबर ने खेल जगत को स्तब्ध कर दिया।
महज 18 वर्ष की उम्र में विश्व रिकॉर्ड बनाकर अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाने वाले जसपाल राणा ने राष्ट्रमंडल खेलों, एशियाई खेलों और कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का नाम रोशन किया। उनके निधन से खेल जगत में शोक की लहर है।
अब परिवार की निगाहें श्यामा देवी के स्वास्थ्य पर टिकी हैं। परिजन और शुभचिंतक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

