बैरागीवाला
देहरादून के विकासनगर क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में भाजपा नेता और ओबीसी मोर्चा के जिला मीडिया प्रभारी विनोद कुमार की हत्या के बाद हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। हत्या के बाद भड़की हिंसा, आगजनी और पथराव की घटनाओं ने पूरे गांव का माहौल बदल दिया है। दहशत के चलते 25 से अधिक मुस्लिम परिवार अपने घरों में ताले लगाकर रिश्तेदारों के यहां चले गए हैं, जबकि गांव की मस्जिद पर भी ताला लगा हुआ है।
बताया जा रहा है कि खेत में पानी लगाने को लेकर हुए विवाद में विनोद कुमार और उनके भाइयों पर हमला किया गया था। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने धारदार हथियारों और हथौड़ों से हमला किया, जिसमें विनोद कुमार की मौत हो गई जबकि उनके दो भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया।
रविवार को बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता गांव में जुट गए। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू हुआ, जो बाद में हिंसक हो गया। आक्रोशित भीड़ ने आरोपियों के दो घरों में आग लगा दी और कई स्थानों पर पथराव की घटनाएं हुईं। हालात बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
बवाल के दौरान दून-पांवटा साहिब हाईवे को जाम करने की भी कोशिश की गई। कुछ स्थानों पर वाहनों में आगजनी की घटनाएं भी सामने आईं। तनाव को देखते हुए प्रशासन ने भारी पुलिस बल और आईटीबीपी की तैनाती कर दी है। गांव और आसपास के इलाकों में लगातार फ्लैग मार्च किया जा रहा है।
प्रशासन ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक मकान और दो दुकानों पर बुलडोजर चलाया है। पुलिस ने अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अमन समेत अन्य लोगों की तलाश जारी है। पुलिस वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपियों की पहचान में जुटी है।
वर्तमान में गांव के मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में सन्नाटा पसरा हुआ है। कई घरों पर ताले लगे हैं और लोग भय के माहौल में जी रहे हैं। प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

