कुमारी शैलजा
उत्तराखंड कांग्रेस की प्रभारी कुमारी शैलजा का देहरादून दौरा अचानक बीच में ही समाप्त हो गया। दो दिवसीय कार्यक्रम के तहत देहरादून पहुंचीं शैलजा को दूसरे दिन वरिष्ठ नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होना था, लेकिन अचानक अपने संसदीय क्षेत्र हरियाणा लौटना पड़ा। उनके अचानक रवाना होने से राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
देहरादून दौरे के पहले दिन कुमारी शैलजा ने जिला कांग्रेस कमेटियों और महानगर अध्यक्षों के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। इस दौरान उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की। पार्टी पदाधिकारियों को बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने और चुनावी रणनीति तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
दूसरे दिन कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की सामूहिक बैठक प्रस्तावित थी, जिसमें आगामी चुनावी अभियान, संगठन विस्तार और प्रचार रणनीति पर चर्चा होनी थी। हालांकि बैठक से पहले ही कुमारी शैलजा को हरियाणा रवाना होना पड़ा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने उनके अचानक लौटने की वजह स्पष्ट करते हुए बताया कि शैलजा के लोकसभा क्षेत्र में एक बड़ी दुर्घटना हो गई है। दुर्घटना में कई लोगों के हताहत होने की सूचना मिलने के बाद उन्होंने तत्काल अपने क्षेत्र लौटने का निर्णय लिया। गोदियाल ने कहा कि प्रदेश प्रभारी ने देहरादून में अपने सभी महत्वपूर्ण कार्यक्रम और बैठकों को पहले ही पूरा कर लिया था, इसलिए उन्होंने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हरियाणा रवाना होने का फैसला किया।
गणेश गोदियाल के अनुसार, कुमारी शैलजा ने अपने दौरे के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, विभिन्न प्रकोष्ठों, विभागों और अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की। संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और आगामी चुनावों की तैयारी को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए गए।
उन्होंने बताया कि चुनावी अभियान के रोडमैप पर चर्चा का काम जारी है। चुनाव कैंपेन कमेटी के अध्यक्ष प्रीतम सिंह की अध्यक्षता में वरिष्ठ नेता आगामी दो से तीन महीनों की रणनीति तैयार कर रहे हैं, ताकि कांग्रेस संगठन को मजबूती देकर चुनावी मैदान में उतारा जा सके।

