केशव नेगी
दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड मामले में उत्तराखंड निवासी केशव नेगी की गिरफ्तारी के बाद यह मामला अब राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर भी चर्चा का विषय बन गया है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से फोन पर बातचीत की और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि किसी भी मामले में जांच पूरी तरह तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर होनी चाहिए तथा किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। उन्होंने दिल्ली सरकार से आग्रह किया कि मामले की जांच पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से की जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी इस संबंध में मुख्यमंत्री धामी को आश्वस्त किया कि जांच एजेंसियां पूरी निष्पक्षता के साथ काम कर रही हैं और किसी भी निर्दोष व्यक्ति को परेशान नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जांच में केवल तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों को आधार बनाया जाएगा। इधर, मुख्यमंत्री धामी ने केशव नेगी की बेटी कनिष्का नेगी से भी फोन पर बातचीत की। उन्होंने परिवार को हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिलाया और कहा कि उत्तराखंड सरकार अपने प्रवासी नागरिकों के हितों और अधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा तत्पर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में रहने वाले उत्तराखंड के लोगों के साथ राज्य सरकार मजबूती से खड़ी है। किसी भी परिस्थिति में उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। सरकार पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और आवश्यकता पड़ने पर हर संभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
गौरतलब है कि दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड मामले में हुई कार्रवाई के बाद केशव नेगी की गिरफ्तारी को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री स्तर पर हुई यह बातचीत मामले को और अधिक संवेदनशील बना देती है। अब सभी की निगाहें जांच एजेंसियों की रिपोर्ट और आगे की कानूनी प्रक्रिया पर टिकी हुई हैं, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना के लिए जिम्मेदार कौन है और सच्चाई क्या है।

