उत्तराखंड प्रीमियर लीग यानी UPL के तीसरे सीजन का आगाज 21 सितंबर से देहरादून में होने जा रहा है। रायपुर स्थित राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाली इस लीग में महिला और पुरुष वर्ग के मुकाबले खेले जाएंगे। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड ने टूर्नामेंट का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। लीग का समापन 1 अक्टूबर को पुरुष वर्ग के फाइनल के साथ होगा।
UPL 2026 की शुरुआत महिला वर्ग के मुकाबलों से होगी। 21 सितंबर को सुबह 11 बजे पिथौरागढ़ हरिकेन्स और देहरादून वॉरियर्स आमने-सामने होंगी। इसके बाद दोपहर 3 बजे बागेश्वर एरियल और मसूरी क्वींस के बीच मुकाबला खेला जाएगा। शाम 7:30 बजे लीग की ओपनिंग सेरेमनी आयोजित होगी।
महिला वर्ग में चार टीमें हिस्सा ले रही हैं। मसूरी क्वींस की कप्तानी नंदिनी कश्यप, बागेश्वर एरियल की कमान प्रेमा रावत, पिथौरागढ़ हरिकेन्स की कप्तानी राघवी बिष्ट और देहरादून वॉरियर्स की कप्तानी श्वेता वर्मा करेंगी। महिला वर्ग का फाइनल 24 सितंबर को शाम 7:30 बजे खेला जाएगा।
वहीं पुरुष वर्ग के मुकाबलों की शुरुआत 22 सितंबर की शाम 7:30 बजे हरिद्वार एल्मास और नैनीताल टाइगर्स के मुकाबले से होगी। पुरुष वर्ग में कुल सात टीमें खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी। इनमें पिथौरागढ़ हरिकेन्स, यूएसएन इंडियंस, नैनीताल टाइगर्स, ऋषिकेश रिवर किंग्स, हरिद्वार एल्मास, टिहरी टाइटन्स और देहरादून वॉरियर्स शामिल हैं।
लीग के दौरान अनुभवी खिलाड़ियों के साथ अंडर-23, अंडर-19 और अनकैप्ड खिलाड़ियों को भी मौका दिया गया है। ऐसे में उत्तराखंड के युवा क्रिकेटरों के लिए यह अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच होगा।
22 सितंबर से 30 सितंबर तक मुकाबलों का सिलसिला जारी रहेगा। कई दिनों में सुबह 11 बजे, दोपहर 3 बजे और शाम 7:30 बजे मुकाबले खेले जाएंगे। 30 सितंबर को पुरुष वर्ग का एलिमिनेटर मुकाबला होगा, जबकि 1 अक्टूबर को UPL 2026 के पुरुष फाइनल के साथ टूर्नामेंट का समापन होगा।

