पिथौरागढ़ जिले से बेहद दुखद घटना सामने आई है। 14 वर्षीय बेटे की मौत का सदमा एक मां सहन नहीं कर सकी और उसने सरयू नदी में छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है, वहीं परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, वड्डा क्षेत्र के मड़ेगांव निवासी 14 वर्षीय जतिन जोशी नगर के एक निजी स्कूल में नौवीं कक्षा का छात्र था। शनिवार को स्कूल की छुट्टी थी और सुबह वह दौड़ने के लिए झौलाखेत मैदान गया था। वापस लौटते समय अचानक उसके सीने में तेज दर्द हुआ और वह रास्ते में बेहोश होकर गिर पड़ा।
पीछे से आ रहे बच्चों ने इसकी जानकारी जतिन की मां पूनम जोशी को दी। सूचना मिलते ही मां मौके पर पहुंची और बेटे को लेकर जिला अस्पताल पहुंची। डॉक्टरों ने जांच के बाद जतिन को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार प्रथम दृष्टया मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है, हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी।
बेटे की मौत की खबर से मां पूनम जोशी सदमे में चली गईं। अस्पताल से निकलने के बाद वह टैक्सी स्टैंड पहुंचीं और गंगोलीहाट जाने वाली टैक्सी में बैठ गईं। घाट के पास टैक्सी चालक जब सामान लेने के लिए रुका, तो पूनम वाहन से उतरकर सीधे सरयू नदी की ओर चली गईं और नदी में छलांग लगा दी।
उन्हें बचाने के लिए टैक्सी चालक और दुकानदार ने भी नदी में छलांग लगाई, लेकिन तेज बहाव के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और खोजबीन शुरू की। करीब एक घंटे बाद महिला का शव नदी किनारे बोल्डरों के बीच पानी में मिला।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना ने परिवार के साथ पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।

