सीएम धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की। इस दौरान वह शिवराज सिंह चौहान की नई पुस्तक ‘अपनापन–नरेंद्र मोदी संग मेरे अनुभव’ के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में देश की कई बड़ी राजनीतिक हस्तियों की मौजूदगी ने इसे खास बना दिया।
कार्यक्रम में पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू और पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा भी उपस्थित रहे। पुस्तक ‘अपनापन’ में शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने राजनीतिक और व्यक्तिगत अनुभवों को विस्तार से साझा किया है। इसमें नेतृत्व क्षमता, सुशासन, जनसेवा और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों को सरल और प्रेरणादायी अंदाज में प्रस्तुत किया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुस्तक के प्रकाशन पर शिवराज सिंह चौहान को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पुस्तक राजनीतिक कार्यकर्ताओं और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और कार्यशैली से जुड़े अनुभवों को पुस्तक के माध्यम से जानने का अवसर मिलेगा।
सीएम धामी ने कहा कि देश आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे समय में इस प्रकार की प्रेरणादायी पुस्तकें समाज को सकारात्मक सोच और राष्ट्रहित के प्रति जागरूक करने का कार्य करती हैं।
दिल्ली में आयोजित इस कार्यक्रम को भाजपा और राष्ट्रीय राजनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान नेताओं के बीच विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री धामी की इस मौजूदगी को राष्ट्रीय स्तर पर उनकी सक्रिय भूमिका के रूप में भी देखा जा रहा है।

