भीषण गर्मी से राहत पाने और बाबा केदार के दर्शन की आस लेकर बड़ी संख्या में लोग इन दिनों उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों का रुख कर रहे हैं। केदारनाथ धाम समेत कई प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। हालात ऐसे हो गए हैं कि पहाड़ों की सड़कें पूरी तरह जाम से जूझ रही हैं। जहां पहले चार घंटे में पूरी होने वाली यात्रा अब दस से बारह घंटे तक खिंच रही है। लंबी-लंबी वाहनों की कतारें, जगह-जगह ट्रैफिक जाम और अव्यवस्थाओं के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
केदारनाथ धाम में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की बेतहाशा भीड़ उमड़ रही है। मंदिर परिसर से लेकर यात्रा मार्ग तक हर तरफ लोगों का सैलाब नजर आ रहा है। श्रद्धालुओं को घंटों लाइन में खड़े रहना पड़ रहा है। कई यात्री थकान, भूख और ठंड के बीच अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई दिए। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई यात्रियों ने बताया कि यात्रा मार्ग पर पर्याप्त व्यवस्थाएं नहीं होने से परेशानी और बढ़ गई है।
यात्रियों का कहना है कि होटल, पार्किंग और खाने-पीने की सुविधाओं पर भी भारी दबाव है। कई जगहों पर लोगों को घंटों तक वाहन में ही फंसे रहना पड़ रहा है। प्रशासन द्वारा लगातार व्यवस्थाएं सुधारने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन बढ़ती भीड़ के आगे इंतजाम कमजोर पड़ते नजर आ रहे हैं। यात्रा मार्ग पर पुलिस और प्रशासन की टीमें ट्रैफिक नियंत्रित करने में जुटी हैं, फिर भी हालात सामान्य नहीं हो पा रहे।
श्रद्धालुओं का कहना है कि बाबा केदार के दर्शन की आस्था उन्हें हर मुश्किल सहने की ताकत दे रही है, लेकिन सरकार और प्रशासन को यात्रा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने की जरूरत है। आने वाले दिनों में भी भीड़ बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यात्रा और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना होगा। केदारनाथ यात्रा इस समय आस्था और अव्यवस्था दोनों की बड़ी तस्वीर बनकर सामने आ रही है।
