बागेश्वर: बागेश्वर के बागनाथ वार्ड स्थित घटबगड़ क्षेत्र में मंगलवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब तेज हवाओं के चलते एक विशाल आम का पेड़ मकान पर गिर गया। गनीमत रही कि घर में मौजूद सभी लोग सुरक्षित बच गए।
नरेश के मकान के ऊपर खड़ा बड़ा आम का पेड़ अचानक जड़ से उखड़कर छत पर गिर गया। उस समय उनकी बेटी बुलबुल छत पर सफाई कर रही थी। तेज आवाज सुनते ही वह तुरंत वहां से हट गई…जिससे उसकी जान बच गई।
वहीं घर के अंदर मौजूद बेटा लव भी सुरक्षित रहा। घटना के समय मकान मालिक नरेश घर पर नहीं थे। पेड़ गिरने से मकान और घरेलू सामान को नुकसान पहुंचा है।
सूचना मिलते ही आपदा प्रबंधन टीम मौके पर पहुंची और पेड़ हटाने का काम शुरू किया। घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। सभासद नवीन रावल ने कहा कि परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है, ऐसे में उन्हें मुआवजा मिलना चाहिए।
