टिहरी जिले के घनसाली क्षेत्र में घूमेटीधार के पास बुधवार दोपहर एक खड़ी कार में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा वाहन धुएं और लपटों से घिर गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार चालक खुर्शीद, निवासी मंगलौर हरिद्वार, गंगोत्री-यमुनोत्री से यात्रियों को लेकर केदारनाथ जा रहा था। यात्रा के दौरान वाहन में तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद यात्रियों को दूसरी गाड़ी से रवाना कर दिया गया। खराब वाहन को मरम्मत के लिए चंबा ले जाया जा रहा था।
बताया गया कि घूमेटीधार के पास पिकअप चालक द्वारा वाहन ले जाने से मना करने पर कार को सड़क किनारे खड़ा कर दिया गया। इसी दौरान अचानक वाहन से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग भड़क गई। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है।
घटना के समय चालक वाहन से बाहर था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई, लेकिन तब तक वाहन बुरी तरह जल चुका था।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। वहीं प्रशासन ने यात्रियों और वाहन चालकों से लंबी यात्रा के दौरान वाहन की तकनीकी जांच कराने और सतर्क रहने की अपील की है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।