बम
उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले आरोपी को देहरादून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान हरियाणा के अंबाला निवासी जसप्रीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने सोशल मीडिया पर धमकी भरे पोस्ट डालकर प्रदेश में दहशत फैलाने की कोशिश की थी।
मामला 21 जून का है, जब एक अज्ञात व्यक्ति ने अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों में बम विस्फोट की धमकी से जुड़े पोस्ट साझा किए। धमकी के बाद आम जनता में भय का माहौल पैदा हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए देहरादून नगर कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए देहरादून पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया। सोशल मीडिया अकाउंट, डिजिटल साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की पहचान हरियाणा के अंबाला निवासी जसप्रीत सिंह के रूप में हुई। पुलिस टीम जब उसके घर पहुंची तो वह वहां नहीं मिला। इसके बाद उसके परिजनों को कानूनी कार्रवाई की जानकारी दी गई।
दो दिन पहले आरोपी अपने वकील के साथ देहरादून आने के लिए निकला। सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे सहारनपुर रोड से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से वह मोबाइल फोन भी बरामद किया गया, जिससे कथित तौर पर धमकी भरे पोस्ट किए गए थे। पुलिस ने मोबाइल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कुछ दिन पहले चमोली जिले के कर्णप्रयाग क्षेत्र में स्थानीय युवकों और निहंग सिखों के बीच हुए विवाद के बाद पुलिस की कार्रवाई से वह नाराज़ था। सोशल मीडिया पर इस घटना से जुड़े वीडियो और रील देखने के बाद उसने उत्तराखंड पुलिस को चुनौती देने और लोगों में भय का माहौल बनाने के उद्देश्य से इंस्टाग्राम आईडी “Jaspreet-devil” से धमकी भरी टिप्पणी पोस्ट की थी।
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया के दुरुपयोग और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी भड़काऊ या धमकीपूर्ण पोस्ट को साझा करने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि ऐसे मामलों में समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

