देहरादून में अभिनेत्री उर्मिला सनावर की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। सिक्किम के राज्यपाल दुष्यंत कुमार गौतम समेत अन्य प्रमुख हस्तियों के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक और मानहानिकारक बयान देने के मामले में उनके खिलाफ एक और प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस मामले ने उत्तराखंड के राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में भी चर्चा तेज कर दी है।
दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हो रहा है, जिसमें अभिनेत्री उर्मिला सनावर मीडिया के कैमरों और माइक के सामने राज्यपाल दुष्यंत कुमार गौतम, भाजपा नेता बीएल संतोष और आरती गौड़ को लेकर बयान देती नजर आ रही हैं। यह वीडियो हरिद्वार रोड स्थित सीबीआई कोर्ट के बाहर का बताया जा रहा है। वीडियो पर सुजाता पॉल का लोगो भी लगा हुआ है।
इस मामले में देहरादून के मोती बाजार निवासी सागर ने कोतवाली नगर में शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि वीडियो में बिना किसी न्यायिक आदेश या प्रमाण के संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ आपत्तिजनक और मानहानिकारक व्यक्तिगत आरोप लगाए गए हैं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि इस तरह के बयान सार्वजनिक रूप से प्रसारित होने से संबंधित लोगों की सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच सकता है और समाज में भ्रम, आक्रोश तथा वैमनस्य की स्थिति पैदा हो सकती है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने 25 अक्टूबर की रात प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता यानी बीएनएस की चार धाराओं 79, 352, 353 और 356 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक राकेश रावत को सौंपी गई है। वहीं, थाना प्रभारी निरीक्षक कैलाश चंद्र भट्ट के निर्देश पर पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।
पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि वीडियो किसने तैयार किया, इसे सोशल मीडिया पर किस तरह प्रसारित किया गया और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
गौरतलब है कि अभिनेत्री उर्मिला सनावर का नाम पिछले कुछ समय से अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े विवादों को लेकर भी चर्चा में रहा है। हाल ही में इस मामले में सीबीआई जांच और अभिनेत्री से जुड़े घटनाक्रमों को लेकर भी सुर्खियां बनी थीं।

