दरअसल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के बाद पत्रकारों के कल्याण और सम्मान से जुड़े मामलों की समीक्षा के लिए सूचना निदेशालय में एक बैठक आयोजित की गई। सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई इस बैठक में पत्रकार कल्याण कोष यानी कॉरपस फंड और मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के तहत मिले आवेदनों पर चर्चा की गई।
बैठक में समिति ने पत्रकार कल्याण कोष से चार दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की संस्तुति की। वहीं, गंभीर बीमारी से ग्रसित एक वरिष्ठ पत्रकार के उपचार के लिए भी पांच लाख रुपये की सहायता की सिफारिश की गई। इसके अलावा मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के तहत चार वरिष्ठ पत्रकारों को हर महीने आठ हजार रुपये पेंशन दिए जाने की संस्तुति की गई है।
इस दौरान सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुरूप राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण, सम्मान और सहायता के लिए प्रतिबद्ध है। सूचना विभाग संकटग्रस्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों के कल्याण से जुड़े मामलों पर नियमित रूप से बैठकें आयोजित की जा रही हैं और पात्र पत्रकारों व उनके परिजनों को नियमानुसार सहायता देने के लिए संवेदनशीलता के साथ विचार किया जा रहा है।
