उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। रविवार दोपहर बाद प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में मौसम अचानक बदल गया। यमुनोत्री धाम और केदारनाथ में बर्फबारी देखने को मिली, जिसके बाद ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है। वहीं, मैदानी इलाकों में भी बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार 25 अक्टूबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं। कुछ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तेज गर्जना के साथ बारिश और बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है।
पर्वतीय इलाकों में मौसम का यह बदलाव मैदानी क्षेत्रों के तापमान को भी प्रभावित करेगा। तापमान में गिरावट आने से देहरादून समेत मैदानी इलाकों में ठंड का एहसास बढ़ सकता है। मौसम में बदलाव के चलते लोगों को अब सुबह और शाम के समय अधिक ठंड महसूस होने की संभावना है।
वहीं, शनिवार को प्रदेश के अधिकांश इलाकों में दिनभर धूप खिली रही। पहाड़ों में भी धूप के कारण ठंड का असर कम रहा, जबकि रात के समय हल्की ठंड महसूस की गई। देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 28.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आने वाले दिनों की बात करें तो मौसम विभाग के अनुसार 26 से 29 अक्टूबर तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि 30 अक्टूबर से एक बार फिर मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिल सकता है। ऐसे में अक्टूबर के आखिरी दिनों में उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में ठंड का असर और बढ़ने के आसार हैं।

