सीएम धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को रुड़की पहुंचकर अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने परिसर का निरीक्षण किया और खेल सुविधाओं का अवलोकन करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने खुद ट्रेडमिल पर दौड़ लगाई और बटरफ्लाई मशीन पर एक्सरसाइज कर फिटनेस का संदेश दिया।
इसके बाद मुख्यमंत्री भवन के द्वितीय तल पर बने बैडमिंटन कोर्ट पहुंचे, जहां उन्होंने बच्चों के साथ बैडमिंटन खेलकर उनका हौसला बढ़ाया। मुख्यमंत्री का खिलाड़ियों और बच्चों के बीच सहज अंदाज देखने को मिला, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड में खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। आधुनिक खेल अवसंरचना तैयार करने का उद्देश्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपने ही क्षेत्र में उच्च स्तर का प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में राज्य का नाम रोशन कर सकें।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ उत्तराखंड और विकसित उत्तराखंड के निर्माण में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकार युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ-साथ बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, रुड़की की मेयर अनीता अग्रवाल, एचआरडीए की उपाध्यक्ष सोनिका, सचिव प्रत्युष सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।
स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के लोकार्पण के साथ रुड़की और आसपास के खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाओं का लाभ मिलेगा। स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं से नियमित व्यायाम करने और खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने का भी आह्वान किया।

