राजधानी देहरादून में उस समय हड़कंप मच गया जब कई पुलिस थानों और मसूरी नगर पालिका कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना सामने आई। धमकी सोशल मीडिया पर वायरल एक इंस्टाग्राम पोस्ट और ई-मेल के जरिए दी गई बताई जा रही है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं।
जानकारी के अनुसार देहरादून जिले के कई पुलिस थानों को बम से उड़ाने की धमकी एक इंस्टाग्राम आईडी से की गई पोस्ट के माध्यम से दी गई। सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल होते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई। देहरादून शहर कोतवाली सहित संबंधित थानों में जांच शुरू कर दी गई और साइबर सेल को भी सक्रिय कर दिया गया।
इसी बीच मसूरी नगर पालिका परिषद और प्रशासन को भी ई-मेल के माध्यम से बम विस्फोट की धमकी मिली। ई-मेल में मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष के कार्यालय सहित देहरादून और दिल्ली के कई महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की बात कही गई है। इतना ही नहीं, ई-मेल में मुख्यमंत्री आवास, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जुड़े स्थानों, धार्मिक स्थलों, रेलवे स्टेशनों और अन्य सार्वजनिक जगहों पर हमले की धमकी का भी जिक्र किया गया है।
धमकी भरे संदेश मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और कई स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस साइबर विशेषज्ञों की मदद से इंस्टाग्राम आईडी और ई-मेल भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
अधिकारियों का कहना है कि धमकी की सत्यता की जांच की जा रही है और हर पहलू पर गंभीरता से काम किया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियों को भी अलर्ट कर दिया गया है ताकि किसी भी संभावित खतरे से समय रहते निपटा जा सके। फिलहाल देहरादून और मसूरी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध सूचना की तुरंत प्रशासन को जानकारी देने की अपील की है। जांच पूरी होने तक सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर रहेंगी और पूरे मामले की निगरानी लगातार जारी रहेगी।]

