ऋषिकेश से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। थाना मुनि की रेती क्षेत्र की शिवपुरी पुलिस चौकी के प्रभारी विनोद कुमार शर्मा की एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। इस हादसे के बाद पुलिस विभाग के साथ-साथ पूरे रानीपोखरी क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार विनोद कुमार शर्मा बीती रात अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद वाहन से शिवपुरी चौकी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा सुनसान क्षेत्र में होने के कारण इसकी जानकारी काफी देर बाद पुलिस प्रशासन को मिल सकी। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
राहत दल ने कड़ी मशक्कत के बाद खाई में गिरे वाहन तक पहुंचकर विनोद शर्मा को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद उनके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।
विनोद कुमार शर्मा अपने शांत स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठा और मिलनसार व्यक्तित्व के लिए जाने जाते थे। पुलिस विभाग में उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। शिवपुरी चौकी प्रभारी बनने से पहले वे ढालवाला और कैलाश गेट चौकी में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे। पुलिस विभाग में शामिल होने से पहले उन्होंने भारतीय सेना में भी देश की सेवा की थी।
उनके सहयोगी बताते हैं कि विनोद शर्मा हमेशा अपनी जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाते थे। आम जनता के बीच भी उनकी एक सकारात्मक और संवेदनशील अधिकारी की छवि थी। यही वजह है कि उनके निधन की खबर से पुलिस विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में गहरा दुख है।
विनोद शर्मा के असामयिक निधन से उनके परिवार पर भी दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया जा रहा है कि उनके दूसरे भाई भी पुलिस विभाग में कार्यरत हैं। पुलिस विभाग ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और हर कोई इस कर्मठ अधिकारी को नम आंखों से विदाई दे रहा है।

