दयारा ट्रैक
उत्तरकाशी। दयारा बुग्याल ट्रैक से लापता महिला ट्रैकर बबीता पांडे की तलाश छठे दिन भी जारी है। रामनगर, नैनीताल निवासी बबीता के लापता होने के बाद विभिन्न एजेंसियों की संयुक्त टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। घटना के बाद वन विभाग ने सुरक्षा और एसओपी की समीक्षा का हवाला देते हुए दयारा ट्रैक पर ट्रेकिंग गतिविधियों पर अस्थायी रोक लगा दी है।
जानकारी के अनुसार बबीता पांडे अपने दो साथियों के साथ दयारा बुग्याल ट्रैक पर घूमने गई थीं। बीते सप्ताह गोई क्षेत्र के पास वह रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गईं। घटना के बाद से एसडीआरएफ, पुलिस, आपदा प्रबंधन, सेना, आईटीबीपी, वन विभाग, जल पुलिस और क्यूआरटी की संयुक्त टीमें लगातार खोज अभियान में जुटी हैं।
बुधवार को विशेष सर्च टीम ने गोई क्षेत्र की झीलों, जल स्रोतों और आसपास के दुर्गम इलाकों में गहन तलाशी अभियान चलाया। डीप सर्च ऑपरेशन के बावजूद महिला ट्रैकर का कोई सुराग नहीं मिला। करीब डेढ़ सौ से अधिक जवान और अधिकारी अभियान में शामिल हैं।
मामले में पुलिस ने महिला के साथ आए दोनों युवक साथियों के खिलाफ अपहरण का मामला भी दर्ज किया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर घटना की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि बबीता अपने मित्र हरमनपाल और हरमनप्रीत के साथ ट्रैकिंग पर आई थीं।
घटना के बाद वन विभाग ने दयारा ट्रैक पर ट्रेकर्स की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगा दी है। विभाग का कहना है कि ट्रेकिंग से संबंधित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) की समीक्षा की जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। साथ ही लगातार ट्रेकर्स की आवाजाही के कारण रेस्क्यू अभियान प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है।
हालांकि इस फैसले पर ट्रेकिंग एसोसिएशन ने नाराजगी जताई है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि एक घटना के कारण सभी ट्रेकिंग गतिविधियों को रोकना उचित नहीं है। उन्होंने प्रशासन से पंजीकरण और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह रोक अस्थायी है और एसओपी की समीक्षा पूरी होने के बाद ट्रैक को फिर से खोला जाएगा। फिलहाल सभी एजेंसियां महिला ट्रैकर की तलाश में जुटी हैं और परिजनों की उम्मीदें अब भी खोज अभियान पर टिकी हुई हैं।

