देहरादून: उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की चेतावनी के बाद प्रशासन भी अलर्ट मोड पर आ गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, 30 अक्टूबर को बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल और चंपावत के कुछ इलाकों में भारी बारिश की आशंका है। वहीं चमोली समेत अन्य जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई है। इसके अलावा 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार भी हैं। मौसम का यह मिजाज 2 नवंबर तक बने रहने की संभावना है।
चारधाम यात्रा मार्गों पर बढ़ाई गई सतर्कता
खराब मौसम की चेतावनी को देखते हुए चारधाम यात्रा मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन को यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और मौसम खराब होने की स्थिति में उन्हें सुरक्षित स्थानों पर रोकने के लिए कहा गया है।
आपदा प्रबंधन विभाग ने राहत एवं बचाव दलों को तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचें और नदी-नालों तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें।
आपदा संबंधी किसी भी सूचना के लिए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के टोल फ्री नंबर 1070 पर संपर्क किया जा सकता है।
मौसम की चेतावनी को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी अधिकारियों को आम जनता की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
