देहरादून : नगर निगम की बोर्ड बैठक में शहर के विकास और जनहित से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए….लेकिन बैठक हंगामे के बीच चर्चा का केंद्र भी बनी रही।
नगर निगम देहरादून की चौथी बोर्ड बैठक में कुल 65 प्रस्तावों पर चर्चा होनी थी…लेकिन पार्षदों के बीच तीखी बहस और नोकझोंक के चलते सभी प्रस्तावों पर निर्णय नहीं हो सका। अब शेष प्रस्तावों पर चर्चा के लिए बैठक गुरुवार को फिर से आयोजित की जाएगी।
बैठक में एक बड़ा फैसला लेते हुए किन्नरों द्वारा मांग की जाने वाली बधाई राशि की अधिकतम सीमा 5100 तय कर दी गई। इस मुद्दे पर काफी देर तक चर्चा चली….जिसके बाद इसे अनुमोदन मिला। हालांकि इस फैसले पर किन्नर समाज की प्रतिक्रिया क्या होगी…इस पर नजर बनी हुई है।
इसके साथ ही नगर निगम ने सफाई कर्मियों (पर्यावरण मित्रों) के मानदेय में भी बढ़ोतरी का फैसला लिया है। अब उनका दैनिक मानदेय 500 से बढ़ाकर ₹800 कर दिया गया है….जिससे उन्हें आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।
बैठक के दौरान भाजपा और कांग्रेस के पार्षद कई बार आमने-सामने आ गए….जिससे माहौल गरमाया रहा और कई प्रस्तावों पर चर्चा अधूरी रह गई।
मेयर Saurabh Thapliyal ने बताया कि बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं और बाकी प्रस्तावों पर गुरुवार को चर्चा पूरी की जाएगी।

नगर निगम के इन फैसलों को शहर के प्रशासनिक ढांचे और सामाजिक व्यवस्था से जोड़कर अहम माना जा रहा है।
