बागेश्वर। बागेश्वर जिले में खड़िया उद्योग को नई पहचान दिलाने वाले और एनएस कॉर्पोरेशन के संस्थापक कमलेश श्रीवास्तव का 86 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने बुधवार को दिल्ली स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली।
कमलेश श्रीवास्तव ने बागेश्वर जिले में खड़िया उद्योग को बढ़ावा देने और स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके प्रयासों से जिले को खड़िया उद्योग के क्षेत्र में विशेष पहचान मिली और कई ग्रामीण परिवारों को आजीविका का साधन मिला।
उनके पुत्र देवेश श्रीवास्तव ने बताया कि अंतिम संस्कार 15 मई को नई दिल्ली के ग्रीन पार्क श्मशान घाट में किया जाएगा।
उनके निधन पर पूर्व कैबिनेट मंत्री बलवंत सिंह भौर्याल सहित कई सामाजिक और उद्योग जगत से जुड़े लोगों ने शोक व्यक्त किया।
स्थानीय लोगों ने उनके निधन को बागेश्वर और खड़िया उद्योग के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।

