देहरादून: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने बुधवार को 12वीं बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया। इस साल कुल 85.20 प्रतिशत विद्यार्थी परीक्षा में सफल हुए हैं। पिछले साल की तुलना में इस बार रिजल्ट में गिरावट दर्ज की गई है।
पिछले वर्ष CBSE 12वीं का रिजल्ट 88.39 प्रतिशत रहा था। इस बार पास प्रतिशत में 3.19 प्रतिशत की कमी आई है।
सीबीएसई के अनुसार इस साल 17 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था। इनमें से 15,07,109 विद्यार्थी सफल हुए हैं।
इस बार बोर्ड ने पहली बार मूल्यांकन प्रक्रिया में ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) प्रणाली को अनिवार्य रूप से लागू किया था।
रिजल्ट में छात्राओं ने एक बार फिर बेहतर प्रदर्शन किया है। इस वर्ष 88.86 प्रतिशत छात्राएं और 82.13 प्रतिशत छात्र पास हुए हैं। छात्राओं का रिजल्ट छात्रों की तुलना में 6.73 प्रतिशत अधिक रहा।

बोर्ड परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में उत्साह का माहौल देखा गया।
