नैनीताल। नैनीताल के मल्लीताल कोतवाली में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब कोतवाल ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने और आवाज देने के बाद भी अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इससे पुलिस कर्मियों में चिंता बढ़ गई।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब दस बजे तक कोतवाल अपने आवास से बाहर नहीं आए। इसके बाद पुलिस कर्मी उनके कमरे के बाहर पहुंचे और लगातार दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। अनहोनी की आशंका के चलते पुलिस कर्मियों ने दरवाजा तोड़ दिया।
अंदर पहुंचने पर कोतवाल भावुक हालत में मिले। सूचना मिलने के बाद सीओ अंजना नेगी और एलआईयू की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
बताया जा रहा है कि हाल ही में कोतवाल का तबादला अल्मोड़ा किया गया था। स्थानांतरण के बाद से वह मानसिक तनाव में बताए जा रहे थे। चर्चा है कि इस मामले को लेकर उनकी वरिष्ठ अधिकारियों से बहस भी हुई थी।

काफी देर तक निगरानी के बाद पुलिस ने परिजनों को बुलाया और कोतवाल को उनके साथ भेज दिया। फिलहाल मामले में पुलिस अधिकारी खुलकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं।
