चारधाम यात्रा
चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड भीड़ अब व्यवस्थाओं पर भारी पड़ती नजर आ रही है। ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप में ऑफलाइन पंजीकरण के लिए उमड़ी हजारों यात्रियों की भीड़ के बीच रविवार को एक बार फिर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। धक्का-मुक्की के दौरान रोडवेज टिकट काउंटर का शीशा टूट गया, जिसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र से आए एक यात्री ने जल्द टिकट लेने के प्रयास में काउंटर पर जोर से धक्का मार दिया, जिससे शीशा टूट गया। रोडवेज कर्मचारियों ने तुरंत युवक को पुलिस के हवाले कर दिया। बाद में समझौते के तहत यात्री ने एक हजार रुपये का जुर्माना जमा किया, जिसके बाद उसे छोड़ दिया गया।
पिछले पांच दिनों से चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। हालात ऐसे हैं कि सुबह से ही हजारों यात्री पंजीकरण केंद्र के बाहर लंबी लाइनों में खड़े नजर आ रहे हैं। कई यात्री सुबह छह बजे से लाइन में लगे रहे, लेकिन जब तक उनका नंबर आया, तब तक स्लॉट फुल घोषित कर दिए गए।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने स्लॉट व्यवस्था लागू कर दी है। शनिवार को स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि महज चार घंटे 41 मिनट में चारधाम यात्रा के सभी स्लॉट फुल हो गए। इसके बाद प्रशासन ने यात्रियों से काउंटर छोड़ने की अपील की, लेकिन सैकड़ों श्रद्धालु देर शाम तक वहीं डटे रहे।
रविवार सुबह छह बजे से दोबारा पंजीकरण शुरू करने की घोषणा के बाद कई यात्री होटल और धर्मशालाओं में लौटे। हालांकि, सुबह होते ही एक बार फिर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कुछ काउंटर बंद कर दिए गए, जबकि कई काउंटरों पर केवल बदरीनाथ और केदारनाथ धाम के पंजीकरण किए गए। चारधाम यात्रा के लिए आए कई श्रद्धालुओं को स्लॉट नहीं मिल सका।
यात्रियों का कहना है कि व्यवस्थाएं श्रद्धालुओं की संख्या के मुकाबले बेहद कम हैं। लगातार बढ़ती भीड़ के चलते धक्का-मुक्की और अव्यवस्था की स्थिति बन रही है। वहीं प्रशासन का कहना है कि अतिरिक्त काउंटर बढ़ाने और भीड़ नियंत्रण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
चारधाम यात्रा में इस बार श्रद्धालुओं की संख्या रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच रही है, लेकिन बढ़ती भीड़ के साथ व्यवस्थाओं की चुनौती भी उतनी ही बड़ी होती जा रही है।

