राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर शुक्रवार को देहरादून पहुंचीं। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर राज्यपाल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। राष्ट्रपति शनिवार को भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) की प्रतिष्ठित पासिंग आउट परेड में मुख्य अतिथि और रिव्यूइंग ऑफिसर के रूप में शामिल होंगी।
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए पूरे देहरादून में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस, खुफिया एजेंसियों और सुरक्षा बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। शहर के प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थानों और राष्ट्रपति के प्रस्तावित रूट पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। दून में प्रवेश करने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही है, जबकि जिले की सीमाओं पर स्थापित चेक पोस्टों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत होटल, गेस्ट हाउस, धर्मशालाओं और लॉजों में ठहरे लोगों का सत्यापन अभियान भी चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान किसी भी प्रकार की सुरक्षा चूक न हो, इसके लिए बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है।
राष्ट्रपति की यात्रा और आईएमए की पासिंग आउट परेड को देखते हुए शहर में विशेष यातायात योजना भी लागू की गई है। ऋषिकेश, हरिद्वार, मसूरी और विकासनगर की ओर जाने वाले कई मार्गों पर रूट डायवर्जन किया गया है। प्रशासन ने नागरिकों से यातायात निर्देशों का पालन करने और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।
शनिवार को आईएमए पासिंग आउट परेड के दौरान सुबह 5 बजे से दोपहर 12 बजे तक कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। आईएमए क्षेत्र को जीरो जोन घोषित किया गया है और परेड के दौरान किसी भी प्रकार के सामान्य यातायात की अनुमति नहीं होगी। इसके लिए पुलिस ने विस्तृत डायवर्जन प्लान जारी किया है।
राष्ट्रपति मुर्मू की इस यात्रा को लेकर राजधानी देहरादून में उत्साह के साथ-साथ सुरक्षा के व्यापक इंतजाम देखने को मिल रहे हैं। IMA की पासिंग आउट परेड में शामिल होने वाले युवा सैन्य अधिकारियों के लिए यह अवसर बेहद गौरवपूर्ण माना जा रहा है।

