उत्तराखंड के नैनीताल जिले के ज्योलीकोट में गुरुवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। नैनीताल घूमकर लौट रहे लखनऊ के छह पर्यटकों की टवेरा कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, गोमतीनगर लखनऊ निवासी छह युवक हल्द्वानी निवासी चालक संग्राम सिंह के साथ टवेरा वाहन से काठगोदाम की ओर लौट रहे थे। ज्योलीकोट नंबर-1 से आगे पहुंचते ही वाहन अचानक सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे में चालक संग्राम सिंह और निखिलेंद्र सिंघल गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि अन्य चार पर्यटकों को भी चोटें आई हैं।
गंभीर घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन के अनियंत्रित होने से हादसा हुआ। पुलिस ने पहाड़ी मार्गों पर वाहन चालकों से सावधानी बरतने और सुरक्षित गति से वाहन चलाने की अपील की है।

