ऋषिकेश-बदरीनाथ
रुद्रप्रयाग जिले में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तीनधारा के पास एक यात्री बस और मैक्स वाहन की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार हरिद्वार से करीब 25 यात्रियों को लेकर एक बस जोशीमठ की ओर जा रही थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से आठ यात्रियों को लेकर देहरादून जा रही एक मैक्स वाहन तीनधारा के पास पहुंची। इसी बीच दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया।
हादसे की सूचना मिलते ही बछेलीखाल पुलिस चौकी की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने दोनों वाहनों में फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद यात्रियों को अन्य वाहनों की व्यवस्था कर उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया।
चौकी प्रभारी दीपक लिंगवाल के अनुसार, दुर्घटना के समय मैक्स वाहन में बैठे कुछ यात्री सो रहे थे। अचानक हुए जोरदार झटके के कारण कुछ लोगों ने मांसपेशियों में खिंचाव और शरीर में दर्द की शिकायत की, लेकिन किसी को गंभीर चोट नहीं आई। सभी यात्रियों की स्थिति सामान्य बताई गई है।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ, लेकिन पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर मार्ग को जल्द ही सुचारू कर दिया। घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।
चारधाम यात्रा के दौरान ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ा हुआ है। ऐसे में प्रशासन और पुलिस लगातार यात्रियों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और पहाड़ी मार्गों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील कर रहे हैं। इस हादसे में किसी की जान नहीं गई, जिससे यात्रियों और प्रशासन दोनों ने राहत की सांस ली।

