गुलदार का हमला
उत्तराखंड के चमोली जिले में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। गोपेश्वर के समीप पाडुली गांव में मंगलवार सुबह घास लेने गई एक महिला पर घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला की चीख-पुकार सुन आसपास मौजूद अन्य महिलाएं मौके पर दौड़ीं, जिसके बाद गुलदार जंगल की ओर भाग गया।
जानकारी के अनुसार पाडुली गांव निवासी 27 वर्षीय प्रियंका देवी पत्नी अजय सिंह मंगलवार सुबह गांव की अन्य महिलाओं के साथ मठ सड़क के पास घास लेने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे गुलदार ने अचानक प्रियंका पर झपट्टा मार दिया। हमले में महिला के हाथ पर गुलदार के दांतों के गहरे निशान पड़ गए।
महिला के जोर-जोर से चिल्लाने पर साथ गई महिलाओं ने शोर मचाया और साहस दिखाते हुए मौके की ओर दौड़ीं। महिलाओं की आवाज सुन गुलदार जंगल की तरफ भाग गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
स्थानीय ग्रामीण तुरंत घायल महिला को जिला अस्पताल गोपेश्वर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार महिला के हाथ में गंभीर चोटें आई हैं और चार टांके लगाए गए हैं। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग की टीम भी जिला अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और अकेले जंगल या घास के लिए दूरस्थ क्षेत्रों में न जाने की अपील की है।
गौरतलब है कि चमोली सहित उत्तराखंड के कई पहाड़ी जिलों में इन दिनों गुलदार की गतिविधियां बढ़ गई हैं। लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में डर का माहौल है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से गांव के आसपास गश्त बढ़ाने और गुलदार को पकड़ने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

