गुलदार
पौड़ी जिले के कोट ब्लॉक स्थित बाडयू गांव में गुलदार के हमले से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लगातार बढ़ रहे गुलदार के आतंक ने ग्रामीणों की चिंता और भय को और बढ़ा दिया है।
जानकारी के अनुसार बाडयू गांव निवासी प्रभा देवी पत्नी मातबर सिंह मंगलवार को अपने पुराने मकान के पास घास लेने गई थीं। बताया जा रहा है कि उसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने उन पर अचानक हमला कर दिया। महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला और गुलदार उन्हें घसीटते हुए पास स्थित पुराने खंडहर की ओर ले गया।
घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम भी गांव पहुंच गई। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। महिला के शव को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले काफी समय से गुलदार की आवाजाही बढ़ गई है। कई बार वन विभाग को इसकी सूचना भी दी गई, लेकिन प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। अब महिला की मौत के बाद लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को जल्द पकड़ने और प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
वन विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही है और गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अकेले जंगल या सुनसान स्थानों पर न जाने की अपील की है।
इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर पहाड़ के ग्रामीण इलाकों में मानव-वन्यजीव संघर्ष की गंभीर समस्या को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोग अब वन विभाग से ठोस और स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

