टनकपुर : चंपावत जिले के टनकपुर में जमीन विवाद से परेशान एक ग्रामीण ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। इलाज के दौरान उपजिला चिकित्सालय में उसकी मौत हो गई। मामले में मृतक के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब 10 बजे पिथौरागढ़ चुंगी क्षेत्र से गुजर रही चीता मोबाइल पुलिस टीम को एक व्यक्ति ने आवाज देकर बताया कि उसने सल्फास खा लिया है। पुलिस टीम तत्काल उसे उपजिला चिकित्सालय लेकर पहुंची, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान लोहाघाट क्षेत्र के पंचेश्वर स्थित मौड़ा गांव निवासी 55 वर्षीय दीवान सिंह बोहरा के रूप में हुई है। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक के पुत्र दीपक सिंह ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि उसके पिता ने खटीमा निवासी एक व्यक्ति से 11 लाख रुपये में जमीन खरीदी थी। आरोप है कि संबंधित व्यक्ति ने बाद में वही जमीन किसी अन्य को बेच दी। न तो जमीन दी गई और न ही पैसे लौटाए गए, जिससे उनके पिता लंबे समय से मानसिक तनाव में थे।
परिजनों का आरोप है कि इसी तनाव के चलते दीवान सिंह बोहरा ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली।

कोतवाल चेतन सिंह रावत ने बताया कि मामले में आरोपित कैलाश भट्ट के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच एसआई अकरम मोहम्मद को सौंपी गई है।
